देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव में हरियाणा के विधायकों के लिए वोट डालने की तैयारियां पूरी : अधिकारी

चंडीगढ़, 17 जुलाई भारत के राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार (18 जुलाई) को होने वाले चुनाव के मद्देनजर हरियाणा के विधायकों द्वारा मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने उक्त जानकारी दी।

गौरतलब है कि 90-सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के 89-सदस्य विधानसभा भवन में वोट डालेंगे, जबकि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कारण पार्टी के सभी पदों से बर्खास्त कर दिए गए विधायक कलदीप बिश्नोई संसद भवन में वोट डालेंगे।

वोटों की गिनती 21 जुलाई को संसद भवन में होगी और देश के अगले राष्ट्रपति 25 जुलाई को पद की शपथ लेंगे।

सोमवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदाताओं के पास दो विकल्प हैं... राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा।

हरियाणा विधानसभा के सचिव आर. के. नंदल ने बताया, ‘‘सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न पांच बजे तक होगा।’’

उन्होंने बताया कि 90-सदस्यीय विधानसभा में प्रत्येक विधायक के मत का मूल्य (वैल्यू) 112 है, ऐसे में विधानसभा के सभी उम्मीदवारों के मतों का कुल मूल्य 10,080 है।

राष्ट्रपति चुनाव में एक विधायक के मत का मूल्य 1971 की जनगणना के अनुरूप राज्य की आबादी के आधार पर तय की जाती है।

वहीं, सांसदों के लिए उनके मतों का मूल्य 708 से घटाकर 700 कर दिया गया है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर में फिलहाल विधानसभा नहीं है।

चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित सदस्यों को मतदान का अधिकार है। मनोनीत सदस्य (सांसद) मतदान नहीं कर सकते हैं।

नब्बे-सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा के 40 सदस्य हैं, जबकि कांग्रेस के 31, भाजपा की गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) के 10, इंडियन लोक दल (इनेलो) और हरियाणा लोकहित पार्टी के एक-एक सदस्य हैं, दोनों राजग उम्मीदवार मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं।

विधानसभा में सात निर्दलीय विधायक भी हैं।

हरियाणा से लोकसभा के सभी 10 सदस्य भाजपा के हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)