देश की खबरें | प्रयागराज महाकुंभ : दिग्विजय सिंह ने संगम के जल की शुद्धता पर सवाल उठाए

इंदौर, 24 फरवरी कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान संगम के जल की शुद्धता पर सोमवार को सवाल उठाए और कहा कि रसायनों के जरिये इस जल को साफ रखा जा सकता था।

सिह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कुछ प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट के मुताबिक संगम के जल की गुणवत्ता मानकों के मुताबिक नहीं है और यह मसला अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सामने चला गया है।

उन्होंने कहा,‘‘महाकुंभ के आयोजन के दौरान संगम के जल में समय-समय पर रसायन डालकर इसे साफ रखा जा सकता था। इसे साफ क्यों नहीं किया गया? महाकुंभ के लिए जब 7,500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, तो संगम के जल की सफाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए था।’’

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘एअर इंडिया’ की उड़ान में टूटी कुर्सी मिलने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कटाक्ष किया,‘‘संयोग से मैं भी इस उड़ान में था, लेकिन मुझे तो अच्छी कुर्सी दी गई।’’

उन्होंने हालांकि कहा कि चौहान को सीट आवंटित करने में विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ ने ‘‘चूक’’ की।

सिंह ने कहा कि प्रोटोकॉल के मुताबिक केंद्रीय मंत्रियों के लिए विमान की पहली पंक्ति में सीट आरक्षित होती है, लिहाजा ‘एअर इंडिया’ द्वारा चौहान को इसी पंक्ति में सीट दी जानी चाहिए थी।

उन्होंने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जारी वैश्विक निवेशक सम्मेलन के आयोजन को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।

पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि राज्य में भाजपा के राज के दौरान 2004 से लेकर अब तक हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलनों का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जाना चाहिए और बताया जाना चाहिए कि ऐसे आयोजनों से हकीकत में कुल कितना निवेश आया और कितने लोगों को रोजगार मिला?

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)