नयी दिल्ली, 16 सितंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
पवार रविवार को यहां स्थित तालकटोरा स्टेडियम में हुए राकांपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में एक बार फिर पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। पवार को तब पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यसमिति के सदस्यों की नियुक्ति के लिए अधिकृत किया गया था।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए पटेल पहले राकांपा के महासचिव थे।
लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे और पी.पी. मोहम्मद फैजल, वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री, के. के. शर्मा, नरेंद्र वर्मा और जितेंद्र आव्हाड को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।
क्लाइड क्रेस्टो को राकांपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। वह गोवा के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक और समन्वयक भी होंगे।
पार्टी ने सभी महासचिवों से कहा है कि वे किसी भी बड़े नीतिगत फैसले पर पटेल से सलाह-मशविरा करें और उन्हें नियमित तौर पर विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराते रहें।
राकांपा की 12 सदस्यीय कार्यसमिति में पवार और पटेल के अलावा सुप्रिया सुले, अजित पवार, तटकरे, छगन भुजबल, फौजिया खान और पीसी चाको शामिल हैं। कार्यसमिति में 14 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी हैं।
पवार ने 1999 में कांग्रेस से निष्कासन के बाद राकांपा की स्थापना की थी। उन्होंने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाते हुए पार्टी में उनके उदय पर सवाल उठाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY