देश की खबरें | प्रधान ने केंद्र से वित्त-पोषित शिक्षण संस्थानों में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 19 मई केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को केंद्र द्वारा वित्त-पोषित शिक्षा संस्थानों में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और इन्हें वर्ष के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि प्रधान ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), आईआईआईटी, आईआईएसईआर और केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित 43 उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा कि इसी तरह से देश भर में स्कूली शिक्षा के तहत चल रहे केंद्रीय विद्यालयों, जवाहर नवोदय विद्यालयों जैसे संस्थानों की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

शिक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘बैठक के दौरान प्रधान ने उच्‍च शिक्षा संस्‍थानों (एचईआई) को निर्देश दिया कि वे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में तेजी लाएं और उन्हें इस वर्ष के भीतर पूरा करें।’’

बयान के अनुसार, उच्च शिक्षण संस्थानों की इन नई परियोजनाओं में विभिन्न नए शैक्षणिक ब्लॉक, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और विभिन्न आईआईटी, आईआईआईटी, आईआईएम, आईआईएसईआर और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्रों के लिए व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं।

बैठक में उच्च शिक्षा सचिव के. संजय मूर्ति, उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रमुख, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)