बिजली मंत्री को भरोसा, ओड़िशा में सोमवार शाम तक बिजली व्यवस्था बहाल होने का काम हो जाएगा पूरा
जियो

नयी दिल्ली, 25 मई बिजली मंत्री आर के सिंह ने भरोसा जताया है कि ओड़िशा में बिजली व्यवस्था बहाल होने का काम सोमवार शाम तक पूरा हो जाएगा।

मंत्री ने भीषण चक्रवात अम्फान के बाद वीडियो कांफ्रेन्सिंग के जरिये सोमवार को ओड़िशा और पश्चिम बंगाल में बिजली ढांचागत सुविधा की बहाली के काम की समीक्षा की।

बिजली मंत्रालय ने मंत्री के हवाले से एक बयान में कहा कि चक्रवात के कारण बिजली व्यवस्था को काफी क्षति पहुंची है लेकिन चीजों को सही करने के लिये तेजी से काम किया गया है।

सिंह ने कहा कि अंतर-राज्यीय पारेषण प्रणाली को कुछ ही घंटे में बहाल कर दिया गया और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय बिजली आपूर्ति को लेकर कार्यबल उपलब्ध कराये हैं।

उन्होंने भरोसा जताया कि ओड़िशा में बिजली बहाली का काम सोमवार की शाम तक पूरा हो जाएगा और कोलकाता के कुछ भागों तथा पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में काम जारी है।

सिंह ने बिजली आपूर्ति सुचारू करने के काम की समीक्षा ओड़िशा और पश्चिम बंगान के शीर्ष अधिकारियों के साथ विभिन्न बिजली वितरण कंपनियों के साथ की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)