देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा का राजनीतिक दलों ने स्वागत किया

शिमला, 14 अक्टूबर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया और दोनों दलों ने राज्य में सत्ता में आने का दावा किया।

सत्तारूढ़ भाजपा अपनी केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों पर निर्भर है, जबकि विपक्षी कांग्रेस ने पांच लाख नौकरी देने के अलावा कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का वादा किया है ।

भारत निर्वाचन आयोग ने संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा करते हुये कहा कि राज्य में 12 नवंबर को मतदान कराया जायेगा और मतगणना 8 दिसंबर को होगी ।

भाजपा और कांग्रेस ने तीन दशकों से अधिक समय तक पहाड़ी राज्य में एक के बाद एक सरकारें दी हैं। हालांकि, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को उम्मीद है कि प्रत्येक चुनाव में सरकार बदलने का चलन इस बार बदल जायेगा ।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुनाव कार्यक्रम का स्वागत किया और दावा किया कि कांग्रेस के लिये सत्ता में आने की कोई गुंजाइश नहीं है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हिमाचल प्रदेश में कोई भविष्य नहीं है और न ही वह केंद्र में सत्ता में आने की स्थिति में है ।

ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से राज्य को पिछले पांच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाएं मिलीं जिनमें बिलासपुर में एम्स, रोहतांग में अटल सुरंग, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क आदि शामिल हैं।

इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लाम्बा ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के लिये पूरी तरह तैयार है ।

वीडियो संदेश में अल्का ने कहा कि प्रदेश में चुनाव की घोषणा के साथ ही डबल इंजन की सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर विराम लग गया है ।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को सोलन में एक रैली को संबोधित करते हुये कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरूआत की और कहा कि और कहा कि पार्टी एकजुट चेहरा पेश करेगी।

उन्होंने कहा कि लोग परिवर्तन चाहते हैं और वे लोग कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे ।

प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी एवं विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी भी अपना भाग्य आजमाएगी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)