देश की खबरें | श्रीनगर में भारी बारिश और जलभराव के बीच नंगे पैर यातायात संभालने के लिए पुलिसकर्मी की प्रशंसा हुई

श्रीनगर, 19 जुलाई श्रीनगर में एक यातायात पुलिसकर्मी की मूसलाधार बारिश के बीच यहां व्यस्त सड़क पर नंगे पैर वाहनों की आवाजाही का प्रबंधन करने के लिए जम कर सराहना की गई।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जा रहा है, जिसमें गुपकार रोड चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नंगे पैर यातायात का प्रबंधन करते नज़र आ रहा है। घाटी के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है और वीडियो में गुपकार रोड चौराहे पर भी पानी भरा दिख रहा है। पानी की वजह से यातायात पुलिसकर्मी ने अपने जूते-मोजे उतार दिए हैं।

वीडियो को ट्विटर पर एक उपयोगकर्ता और मौसम की जानकारी देने वाले एक स्वतंत्र अनुमानकर्ता 'कश्मीर वेदर' ने पोस्ट किया है। ‘कश्मीर वेदर’ ने लिखा, ''श्रीनगर में जलमग्न सड़कों और भारी बारिश की चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बीच, एक यातायात पुलिसकर्मी नंगे पैर अपनी ड्यूटी निभा रहा है।''

ट्विटर पर इस वीडियो क्लिप को अब तक 32 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने भी वीडियो पोस्ट साझा किया, लेकिन प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा ‘‘यह दुख की बात है कि श्रीनगर शहर में बुनियादी जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, जबकि मई में जी20 बैठक से पहले स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इसका सौंदर्यीकरण किया गया था।’’

अब्दुल्ला ने एक ट्वीट में कहा ''इस चौक का जी20 के प्रतिभागियों को प्रभावित करने के लिए एक महीने पहले 'स्मार्ट सिटी' कार्यक्रम के तहत 'सौंदर्यीकरण' किया गया था। यह अफ़सोस की बात है कि जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)