पलवल (हरियाणा), 29 जून पलवल में ई-चालान के 3.23 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में हरियाणा पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है तथा एक अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों पर ई-चालान की धनराशि बैंक में जमा न करने का आरोप है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के एक अधिकारी की जांच के आधार पर मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी और पलवल में कैम्प पुलिस थाने में जनक तथा ओमवीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि जनक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि ओमवीर को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। दोनों पुलिसकर्मी चालान शाखा में तैनात थे।
उन्होंने बताया कि पलवल के पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि बैंक में ई-चालन के भुगतान समय पर जमा नहीं किए जा रहे हैं। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गयी और जनवरी 2020 से 31 मार्च 2023 तक के रिकॉर्ड खंगाले गए।
जांच में यह पाया गया कि इस अवधि के दौरान पुलिस के एसबीआई बैंक खाते में केवल 30 लाख रुपये ही जमा कराए गए जबकि कुल राशि 3.23 करोड़ रुपये थी।
डीएसपी संदीप मोरे ने बताया कि 2018 से 2021 तक हेड कांस्टेबल जनक चालान शाखा तथा यातायात का प्रभारी था।
पुलिस नियमों के अनुसार, चालान की धनराशि हर शाम को बैंक में जमा करानी होती है लेकिन जनक ने आंशिक राशि ही जमा की और वह भी 15 दिन के अंतराल में।
मोरे ने कहा, ‘‘जनक ने यह घोटाला किया। हमने उसे शहर की एक अदालत में पेश किया और उसकी पांच दिन की पुलिस रिमांड मिल गयी है। उससे अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है। हेड कांस्टेबल ओमवीर को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY