देश की खबरें | ‘लव-जिहाद’ के मामलों की जांच के लिए एसओपी बनाए पुलिस : हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी, 28 जुलाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य में ‘लव जिहाद’ के मामलों की जांच के लिए पुलिस से मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने को कहा।

शर्मा ने बोंगाईगांव में पुलिस अधीक्षकों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि ‘लव जिहाद’ की जड़ जबरन धर्मांतरण है।

उन्होंने कहा, “इसके अलावा, राज्य में जल्द ही एक अधिनियम लागू किया जाएगा, जिसके जरिए सभी समुदायों के लिए शादी की एक वैध आयु तय की जाएगी, बहुविवाद पर लगाम लगाई जाएगी तथा कई वैधानिक कदम उठाए जाएंगे ताकि जब नियमों के उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी हो तो आरोपियों को जमानत न मिल सके।”

शर्मा ने कहा, ''कुछ पुरानी प्रथाएं हैं जो हमारे संज्ञान में आई हैं। हम उन्हें निरस्त कर देंगे क्योंकि ये बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई में आड़े आती हैं।”

मुख्यमंत्री दावा करते रहे हैं कि गोलाघाट में तीन लोगों की हत्या 'लव जिहाद' का मामला था, जिसमें 25 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति ने सोमवार को अपनी हिंदू पत्नी और सास-ससुर की हत्या कर दी थी।

उन्होंने यह दावा भी किया कि 'लव जिहाद' की शिकार लड़कियों के आत्महत्या करने की कई दुखद घटनाएं हुई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)