देश की खबरें | पुलिस ने विभिन्न प्रौद्योगिकी का उपयोग करके पुणे बलात्कार मामले के आरोपी का पता लगाया : फडणवीस

मुंबई, 28 फरवरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि चार दिन पहले पुणे शहर के स्वारगेट बस अड्डे पर खड़ी राज्य परिवहन की बस के अंदर एक महिला के साथ बलात्कार करने के आरोपी का पुलिस ने विभिन्न प्रौद्योगिकी का उपयोग करके पता लगाया और उसे पकड़ लिया।

गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे फडणवीस ने इस खबर की पुष्टि नहीं की कि आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (37) ने मंगलवार सुबह हुई इस क्रूर घटना के बाद आत्महत्या करने की कोशिश की।

फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आरोपी छिपा हुआ था। पुलिस ने विभिन्न प्रौद्योगिकी का उपयोग करके उसका पता लगाया। (पुणे) पुलिस आयुक्त ने कुछ विवरण साझा किए हैं। आगे कोई विवरण साझा करना उचित नहीं है। उचित समय पर आपको (मीडिया) बाकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।’’

पुलिस के मुताबिक, पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर एक बस के अंदर महिला से बलात्कार करने के आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे का पता लगाने के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया, जो शिरूर तहसील के अपने पैतृक गांव में धान के एक खेत में छिपा था। उसे बृहस्पतिवार आधी रात के आसपास पकड़ा गया।

यह पूछे जाने पर कि क्या कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे गाडे ने घटना के बाद आत्महत्या करने की कोशिश की, मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

शिवसेना (उबाठा) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई आलोचनात्मक टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि विपक्षी नेता को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

ठाकरे ने शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा था कि गंगा में डुबकी लगाने से महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात करने का ‘पाप’ नहीं धुल जाएगा।

भाजपा नेता फडणवीस ने कहा, ‘‘अगर वे (शिवसेना-उबाठा) असली थे और ये (उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना) लोग गद्दार थे, तो क्या महाराष्ट्र के लोगों ने (2024 के विधानसभा चुनावों में) गद्दारों को वोट दिया?’’

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के लोगों ने (चुनावों में) असली शिवसेना के रूप में (शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर) अपनी मुहर लगाई, और आप उन्हें गद्दार कह रहे हैं? आपको खुद को आईने में देखना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)