देश की खबरें | पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक गोकश को गिरफ्तार किया

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), 26 अगस्त जिले की रामपुर मनिहारान थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद संदिग्ध गोकश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गोकशी के उपकरण, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि रामपुर मनिहारान थाना के प्रभारी नरेन्द्र कुमार को सूचना मिली थी कि नवादा भजडू के जंगल में चार संदिग्ध व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

इस सूचना के आधार पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही बदमाशों ने उनपर गोली चला दी जिसकी जवाबी कार्रवाई के साथ ही मुठभेड़ हो गई।

पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मुठभेड़ के बाद एक संदिग्ध गोकश सलमान को गिरफ्तार कर लिया उसके तीन साथी भागने मे सफल रहे।

जैन ने कहा, पूछताछ में आरोपी सलमान ने बताया कि वह अपने ताऊ के लड़के और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दिन में छुपकर छुट्टा गोवंशों की गोकशी कर उसका मांस मुस्लिम बस्ती में बेचते हैं।

पुलिस के मुताबिक सलमान ने बताया कि वह और उसके साथी तीन-चार महीने से यह काम कर रहे हैं और उसके साथियों पर पहले से भी गोकशी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस सलमान के अन्य साथियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)