देश की खबरें | पीएनबी घोटाला: पीएमएलए अदालत ने नीरव मोदी के सहयोगी को जमानत दी

मुंबई, 18 अप्रैल मुंबई की एक विशेष पीएमएलए अदालत ने करोड़ों रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला मामले में भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी के करीबी सुभाष परब को मंगलवार को जमानत दे दी।

परब मोदी के स्वामित्व वाली कंपनी फायरस्टार डायमंड में उप महाप्रबंधक (वित्त) था और उसे अप्रैल 2022 में मिस्र के काहिरा से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था।

विशेष पीएमएलए न्यायाधीश एस एम मेंजोंगे ने परब की जमानत याचिका यह कहते हुए स्वीकार कर ली कि जमानत अर्जी से ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी अपराध की आय का लाभार्थी नहीं था।

मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पीएनबी से मुंबई में ब्रैडी हाउस शाखा के उसके अधिकारियों को रिश्वत देकर गारंटी पत्र (एलओयू) और विदेशी साख पत्र (एफएलसी) का उपयोग करके 13,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।

समझा जाता है कि परब 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी के लिए बैंक को सौंपे गए गारंटी पत्र का अहम गवाह है। भारत ने परब का पता लगाने और उसे वापस लाने के लिए उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया था।

परब को फरवरी में, सीबीआई द्वारा जांच किये जा रहे एक संबंधित मामले में जमानत दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)