लाहौर, 18 जून पाकिस्तान में सत्तारूढ़ मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की उपाध्यक्ष मरयम नवाज ने दावा किया है कि पार्टी आगामी आम चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी और एक प्रभावी संसदीय ताकत के रूप में उभरेगी।
मरयम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब यह बात सामने आई कि उनके पिता और पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ लंदन से लौट सकते हैं और पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व कर सकते हैं।
समाचार पत्र ‘द न्यूज’ ने शनिवार को मरयम के हवाले से अपनी खबर में कहा, ‘‘पीएमएल-एन आगामी चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेगी और पार्टी एक प्रभावी संसदीय ताकत के रूप में उभरेगी।’’
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जन संपर्क अभियान शुरू करने का आह्वान किया।
खबर के मुताबिक, पीएमएल-एन नेतृत्व के शीर्ष नेता जल्द ही लंदन में शरीफ से मुलाकात करने वाले हैं।
खबर के अनुसार, बैठक में अगले चुनाव की संभावित तारीख, पाकिस्तान में राजनीतिक स्थिति और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस बीच, पाकिस्तान की सीनेट ने यह सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को एक विधेयक पारित किया कि कोई भी सांसद जीवनभर के लिए अयोग्य नहीं होगा। इस कदम को विपक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ की देश में वापसी और चुनावों में उनकी भागीदारी का रास्ता साफ करने का प्रयास बताया है।
शरीफ (73) को 2017 में उच्चतम न्यायालय की पांच सदस्यीय पीठ ने अयोग्य घोषित कर दिया था।
शरीफ 2018 में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद जीवनभर के लिए सार्वजनिक पद पर रहने के अयोग्य हो गये थे।
पाकिस्तान के निचले सदन यानी नेशनल असेंबली इस साल 12 अगस्त को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और नये आम चुनाव 60 दिन के भीतर कराये जाने आवश्यक हैं, जैसा कि पाकिस्तान के संविधान में निर्धारित किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY