नयी दिल्ली, तीन जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्ती में साईं हीरा वैश्विक सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।
पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। उसने कहा कि उद्घाटन समारोह में दुनियाभर के प्रमुख गणमान्य व्यक्ति और भक्त उपस्थित होंगे।
श्री सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट ने पुट्टपर्ती के प्रशांति निलयम में साईं हीरा वैश्विक सम्मेलन केंद्र नामक एक नयी सुविधा का निर्माण किया है। प्रशांति निलयम श्री सत्य साईं बाबा का मुख्य आश्रम है।
इस केंद्र को समाजसेवी रयूको हीरा द्वारा दान किया गया है।
पीएमओ ने कहा कि यह केंद्र सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आध्यात्मिकता और वैश्विक सद्भाव को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण का एक प्रमाण है।
उसने कहा, ‘‘यह केंद्र विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ आने, जुड़ने और श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षा से सीख लेने के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान करता है।’’
इस केंद्र में विश्व स्तरीय सुविधाएं हैं, जहां सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। विशाल परिसर में ध्यान कक्ष, शांति उद्यान और आवास के लिए सुविधाएं भी मौजूद हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY