देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने लोगों को ओडिया नव वर्ष की बधाई दी

भुवनेश्वर, 14 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देशवासियों को ओडिया नव वर्ष और महा बिषुब पाना संक्रांति की बधाई दी।

एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ओडिया नव वर्ष और महा बिषुब पाना संक्रांति की बधाइयां। मेरी कामना है कि नया वर्ष ढेर सारी खुशियां लेकर आए। हमारे समाज में भाईचारे की भावना बढ़े और सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ रहें।’’

ओड़िशा के राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।

पटनायक ने एक वीडियो सदेश में कहा, ‘‘भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से नव वर्ष सभी के लिए समृद्धशाली हो।

ओडिया नव वर्ष पर नयी ‘‘पंजिका’’ प्रकाशित की जाती है। इस पंजिका में हिन्दू धार्मिक त्योहारों और उन्हें मनाने संबंधी अन्य विवरण होते हैं।

पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में पुजारियों द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गई और भगवान बलभद्र, भगवाल जगन्नाथ और माता सुभद्रा के सामने नयी पंजिका का पाठ किया गया।

महा बिषुब संक्रांति को पाना संक्रांति भी कहा जाता है। पाना एक पेय है, जिसे फल, चीनी, छेना, काजू और मसालों से बनाया जाता है और लोगों को वितरित किया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)