मुंबई, 23 दिसंबर मुंबई की एक दीवानी अदालत ने स्टांप पेपर घोटाले के दोषी दिवंगत अब्दुल करीम तेलगी पर आधारित वेब सीरीज के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।
तेलगी की बेटी सना इरफान ने वेब सीरीज ‘स्कैम 2003- द क्यूरियस केस ऑफ अब्दुल करीम लाला तेलगी’ के निर्माताओं के खिलाफ शहर की दीवानी अदालत का रुख किया था। उन्होंने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की अपील करते हुए दावा किया था कि निर्माताओं ने फिल्म बनाने से पहले उनके परिवार की अनुमति नहीं ली।
सना के वकील ने कहा कि अदालत ने अंतरिम राहत के लिए दायर उनकी याचिका खारिज कर दी। हालांकि, विस्तृत आदेश अभी उपलब्ध नहीं हुआ है।
अधिवक्ता माधव थोराट के माध्यम से दायर याचिका में सना ने आरोप लगाया था कि यह वेब सीरीज एक किताब पर आधारित है, जिसमें तथ्यात्मक विसंगतियां हैं।
उन्होंने दावा किया कि यह वेब सीरीज परिवार के निजता के अधिकार, गरिमा और स्वाभिमान का उल्लंघन है।
तेलगी को करोड़ों रुपये के जाली स्टांप पेपर घोटाले से संबंधित कई मामलों में दोषी करार देते हुए कुल 30 साल के कारावास की सजा दी गई थी। अक्टूबर 2017 में बेंगलुरु में कारावास की सजा काटते हुए उसकी मौत हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY