देश की खबरें | एशियाई खेलों में खेलने से भारतीय फुटबॉल को बड़ा बढ़ावा मिलेगा: एआईएफएफ अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 26 जुलाई अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने बुधवार को कहा कि भारतीय फुटबॉल टीमों की नौ साल बाद एशियाई खेलों में वापसी से खिलाड़ियों के मनोबल में बड़ा इजाफा होगा।

खेल मंत्रालय ने बुधवार को अपनी चयन पात्रता में छूट देते हुए भारतीय पुरुष और महिला फुटबॉल टीम का महाद्वीपीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व का रास्ता साफ किया।

चौबे ने इसे देश में खेल के लिए महत्वपूर्ण दिन करार दिया।

चौबे ने कहा, ‘‘यह भारतीय फुटबॉल के लिए महत्वपूर्ण दिन है और भारत में खेल का विकास करने के हमारे संकल्प का प्रमाण है। ’’

सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय पुरुष टीम ने हाल में इंटर कॉन्टिनेंटल कप और सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीता।

चौबे ने कहा, ‘‘हाल में भारतीय फुटबॉल में अभूतपूर्व प्रगति हुई है और मेरा मानना है कि इस प्रोत्साहन से आने वाले सभी टूर्नामेंट में हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एआईएफएफ का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है और इस तरह के लम्हे देश में पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को जारी रखने के लिए हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करते हैं।’’

चौबे ने कहा, ‘‘हम भारत सरकार और खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय को उनके समर्थन और 19वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय फुटबॉल को विशेष छूट प्रदान करने के लिए धन्यवाद देते हैं।’’

खेल मंत्रालय ने हालांकि आईओए और सभी राष्ट्रीय खेल महासंघ को पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया था कि टीम प्रतियोगिताओं में केवल उन्हीं खेलों की भागीदारी पर विचार किया जाना चाहिए जिनकी एशिया में रैंकिंग कम से कम आठ है।

भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम की एशिया में रैंकिंग 18 जबकि महिला टीम की 11 है।

इसके बाद इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पुरुष और महिला टीमों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एआईएफएफ ने खेल मंत्रालय से अपील की थी। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के कोच इगोर स्टिमक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की थी।

स्टिमक ने कहा, ‘‘यह भारतीय फुटबॉल के लिए शानदार दिन है और माननीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर जी और हमारी सरकार का एक बेहद उत्साहवर्धक निर्णय है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ टीमों को चुनौती देने का मौका देने के लिए उन सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)