एजेंसी न्यूज

Paris Olympics 2024: ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगी एक से तीन करोड़ रूपए की राशि

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को एक से तीन करोड़ रूपए पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

Paris Olympics 2024: ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगी एक से तीन करोड़ रूपए की राशि
CM Vishnu Dev Sai (img: FB)

Paris Olympics 2024:  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को एक से तीन करोड़ रूपए पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर, ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की.

उन्होंने बताया कि साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में विभिन्न खेल विधाओं के 502 प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और उन्हें एक करोड़ 36 लाख रूपए वितरित किए. साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पिछले पांच साल में राज्य में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित नहीं होने पर खेद जताया. उन्होंने कहा कि पहला अलंकरण समारोह इसी साल 14 मार्च को आयोजित किया गया. खेल दिवस के मौके पर आज फिर से खिलाड़ियों को खेल अलंकरण से सम्मानित किया जा रहा है. यह भी पढ़ें: Paris Paralympics 2024: शीतल देवी रचा इतिहास, ऑर्चरी में 703 पॉइंट्स लेकर क्वॉर्टरफाइनल में बनाई जगह

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा, मनु भाकर, सरबजोत सिंह, स्वप्निल कुसाले, अमन सेहरावत जैसे खिलाड़ियों ने पदक जीत कर भारत माता का यश बढ़ाया. छत्तीसगढ़ में भी खेल प्रतिभाओं को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. आगामी दिनों में अच्छी सुविधाओं तथा प्रशिक्षण के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को निखारेंगे जिससे हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बढ़िया खेल कर अपनी प्रतिभा का झण्डा दुनिया में बुलंद कर सकें. साय ने कहा कि जशपुर तथा रायगढ़ में 105 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और नवा रायपुर में 62 करोड़ रूपए की लागत से मल्टीपर्पस इंडोर स्टेडियम तथा सिंथेटिक फुटबॉल मैदान विथ रनिंग ट्रैक बनाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के बाद पहली बार आवासीय हॉकी अकादमी रायपुर में इसी साल के अगस्त महीने में प्रारंभ हुई है. उन्होंने कहा कि सितंबर महीने से बालिकाओं के लिए आवासीय फुटबॉल अकादमी शुरू हो जाएगी. इसके साथ ही एथलेटिक अकादमी, कबड्डी अकादमी तथा तीरंदाजी अकादमी का भी संचालन कर रहे हैं. रायपुर में लक्ष्मी बाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान का ऑफ सेंटर भी शुरू किया जाएगा, जो खेलों के क्षेत्र में प्रदेश की बड़ी उपलब्धि होगी. साय ने खिलाड़ियों से कहा कि आप सभी पूरी मेहनत के साथ अपनी खेल प्रतिभा को निखारने में जुटे रहे तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें. अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने शहीदों के परिजनों को शॉल, श्रीफल भेंट कर भी सम्मानित किया.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 29, 2024 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).