देश की खबरें | मिग हादसे में जान गंवाने वाले पायलट अद्वितीय बल का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

आर एस पुरा (जम्मू), 30 जुलाई मिग-21 हादसे में जान गंवाने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल (27) का शनिवार को आर एस पुरा के सीमावर्ती गांव जिंदड़ मेहलू में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

उनके परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस मौके पर भारतीय वायुसेना के अधिकारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, पुलिस अधिकारी, नौकरशाह और विभिन्न दलों के नेता अद्वितीय बल को अंतिम विदाई देने पहुंचे।

जिंदड़ मेहलू में अद्वितीय को मुखाग्नि के समय लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘अद्वितीय अमर रहे’ के नारे लगाए।

इससे पहले, दिन में उनका पार्थिव शरीर विमान से यहां वायुसेना स्टेशन लाया गया। जम्मू वायुसेना स्टेशन से वायुसैनिक उनके पार्थिक शरीर को सड़क मार्ग से उनके गांव ले गए। उनके दर्शनों के लिए करीब एक किलोमीटर तक लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था।

अधिकारियों ने कहा कि वायुसेना स्टेशन में एक कार्यक्रम में एअर ऑफिसर कमांडिंग एअर कोमोडोर जी एस भुल्लर, मंडलायुक्त रमेश कुमार, उपायुक्त अवनी लवासा और जम्मू के पुलिस अधीक्षक चंदन कोहली ने अद्वितीय बल को श्रद्धांजलि दी।

अद्वितीय बल के घर सुबह से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए थे। वह वायुसेना के उन दो पायलटों में एक थे जिनकी बृहस्पतिवार रात राजस्थान में बाड़मेर के पास प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दो सीट वाले मिग-21 विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से मृत्यु हो गई थी।

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले हिमाचल प्रदेश के विंग कमांडर एम राणा दूसरे पायलट थे।

अद्वितीय बल के परिवार के सदस्यों ने यह कहते हुए अफसोस जताया कि ‘दुश्मन से लड़ने’ के बजाय ‘जीर्ण-शीर्ण’ विमान को उड़ाते हुए उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने कहा कि अद्वितीय बल ने 18 जुलाई को अपना 27वां जन्मदिन मनाया था।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पायलटों के परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पुराने हो गए मिग-21 जेट के पूरे बेड़े को तत्काल हटाने की अपील की ताकि किसी और युवा की जान न जाए।

अद्वितीय बल 2014 में वायुसेना में शामिल हुए थे और उन्होंने सैनिक विद्यालय नगरोटा से शिक्षा ग्रहण की थी। उनके पिता स्वर्ण लाल और चाचा कर्मवीर सेना से सेवानिवृत हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)