देश की खबरें | श्रावस्ती जिला न्यायालय में स्क्रीनिंग डयूटी पर तैनात चिकित्सक कोरोना संक्रमित, अदालत परिसर सील

श्रावस्ती (उप्र), 23 जून श्रावस्ती जिला न्यायालय में स्क्रीनिंग ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर परिसर को निरुद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया गया है और सोमवार से यहां अदालती कामकाज बंद कर अदालत परिसर को सील कर दिया गया।

श्रावस्ती के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ए पी भार्गव ने मंगलवार को बताया कि श्रावस्ती जिला मुख्यालय भिनगा की दीवानी कचहरी परिसर में आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग के लिए एक चिकित्सक की निगरानी में चिकित्सकीय टीम तैनात की गई थी।

यह भी पढ़े | भारत-चीन तनाव: गलवान संघर्ष के बाद से लद्दाख में हवाई गतिविधियां तेज, लेह के आसमान में चक्कर काटते दिखे वायुसेना के लड़ाकू विमान- देखें Video.

भार्गव ने बताया कि शनिवार शाम लखनऊ से आई रिपोर्ट में चिकित्सक कोरोना संक्रमित पाए गये थे। रविवार को चिकित्सक के आवासीय इलाके को कोरोना प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया गया था ।सोमवार को यहां दीवानी अदालत परिसर को निरुद्ध क्षेत्र को घोषित किया गया।

उन्होंने बताया कि कचहरी में कामकाज बंद कर परिसर को सील कर दिया गया है। चिकित्सक के संपर्क में आए 40 पुलिस एवं पीएसी जवानों, कई पैरामेडिकल स्टाफ और कचहरी के स्टाफ सहित कुल 99 लोगों के नमूने कोविड-19 की जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं।

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए 20 दिन तक बंद करें बेंगलुरू: कुमारस्वामी.

भार्गव ने बताया कि इन सभी को घरों में पृथकवास में रहने को कहा गया है। पुलिस एवं पीएसी कर्मियों को पुलिस लाइन सभागार में पृथकवास में रखा गया है। संक्रमित चिकित्सक को एल-1 श्रेणी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

श्रावस्ती के प्रभारी जिला न्यायाधीश शिव कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय अग्रिम आदेश तक बंद है। न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं है। आवश्यक अदालती काम अवकाश के दिनों की ही तरह घर से किये जाने के आदेश दिए गए हैं ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)