देश की खबरें | लोगों को पूरे साल दिल्ली को साफ रखने में एमसीडी का सहयोग करना चाहिए: शैली ओबेरॉय

नयी दिल्ली, 11 सितंबर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की महापौर शैली ओबेरॉय ने सोमवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सजाया गया शहर पूरे साल खूबसूरत दिखना चाहिए।

ओबेरॉय ने कहा कि जहां एमसीडी शहर को साफ रखने के लिए काम करेगी, वहीं निवासियों को भी इसे साफ रखने में नगर निकाय का सहयोग करना चाहिए।

महापौर ने शहर को सुंदर बनाने और जी20 शिखर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया।

दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन रविवार को संपन्न हुआ। शिखर सम्मेलन में यूरोपीय संघ और अतिथि देशों के 30 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष अधिकारियों और 14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों ने भाग लिया।

ओबेरॉय ने कहा, "मैं एमसीडी अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने राष्ट्रीय राजधानी को साफ रखने के लिए चौबीसों घंटे काम किया। मैंने देखा है कि एमसीडी कर्मचारी देर रात में भी अपना काम कर रहे थे। मैं इस शिखर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं। चूंकि, हम पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, इसलिए मैं हर विभाग में सहयोग के लिए दिल्लीवासियों को भी धन्यवाद देना चाहती हूं।"

ओबेरॉय ने कहा, "एमसीडी ने जी20 के लिए राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाया है। हम राष्ट्रीय राजधानी के नागरिकों से भी यही उम्मीद करते हैं।"

उन्होंने कहा, "इसे साफ रखना एमसीडी, उसके अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी होगी, लेकिन दिल्ली के लोगों को हमेशा हमारा सहयोग करना होगा। हम चाहते हैं कि दिल्ली न केवल जी20 शिखर सम्मेलन तक साफ रहे, बल्कि यह पूरे साल सुंदर दिखे।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)