देश की खबरें | गुजरात में मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़े लोग, ईद के मौके पर एक-दूसरे के घर गये

अहमदाबाद, तीन मई गुजरात में ईद के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मंगलवार की सुबह मस्जिद और ईदगाह पहुंचे तथा नमाज अदा की ।

दो साल बाद कोविड-19 संबंधी पाबंदियां हटाए जाने के बाद, लोग ईद उल फ़ित्र की मुबारकबाद देने के लिए एक-दूसरे के घर गये और पारंपरिक भोजन तैयार करने के साथ त्योहार मनाया।

अहमदाबाद के पुराने शहर इलाके में लोगों ने सुबह जामा मस्जिद में नमाज अदा की ।

कई लोगों ने कांकरिया झील के पास ईदगाह में और 15वीं सदी की सरखेज रोज़ा मस्जिद में जा कर नमाज अदा की।

कोविड-19 से संबंधित पाबंदियों के कारण पिछले दो वर्ष ईद का जश्न फीका था । धीरे धीरे स्थिति में सुधार हुआ और फिर पाबंदियां हटाई गईं। इस बार लोगों ने बड़े उत्साह के साथ ईद का त्योहार मनाया ।

लोग मंगलवार को ईद के उपलक्ष्य में अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने भी गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)