देश की खबरें | मृत्युदर में गिरावट से पेंशन देनदारी बढ़ती है: केरल मंत्री साजी चेरियन

तिरुवनंतपुरम, 23 मार्च केरल के सांस्कृतिक मामलों और मत्स्य पालन मंत्री साजी चेरियन ने परोक्ष रूप से कहा है कि राज्य में ‘मृत्यु दर में गिरावट से सरकार की पेंशन देनदारी बढ़ रही है।’

शनिवार को अलप्पुझा में राज्य एनजीओ संघ की एक बैठक को संबोधित करते हुए चेरियन ने दावा किया कि केरल में न केवल जन्म दर कम है, बल्कि मृत्यु दर भी काफी कम है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में लाखों लोग पेंशन पा रहे हैं। मृत्यु दर काफी कम है। मेरा मतलब यह नहीं है कि सभी को मर जाना चाहिए। केरल स्वास्थ्य सेवा में नंबर एक है और यह भी एक समस्या है।’’

मंत्री ने कहा कि कई लोग 95 साल या यहां तक कि 100 साल तक जीवित रहते हैं।

अपने तर्क के समर्थन में चेरियन ने अपनी 94 वर्षीय मां का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें सरकारी पेंशन के रूप में 50,000 रुपये मिल रहे हैं।

मंत्री की टिप्पणी पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में जन्म दर और मृत्यु दर दोनों में गिरावट आ रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का उद्देश्य पेंशनभोगियों सहित सभी नागरिकों का कल्याण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)