नयी दिल्ली, 18 दिसंबर यूरोपीय संसद के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की और भूराजनीतिक स्थिति, आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा तथा डिजिटल संवेदनशीलता जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत दौरे पर आए यूरोपीय संसद के सदस्यों से मिलकर खुशी हुई। भूराजनीतिक स्थिति, आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा, डिजिटल संवेदनशीलता, एआई (कृत्रिम बुद्धमत्ता) और समुद्री सुरक्षा पर सार्थक चर्चा हुई।’’
श्रीलंका के संसद सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी विदेश मंत्री से मुलाकात की।
जयशंकर ने कहा, "अध्यक्ष महिंदा यापा अबेवर्धना के नेतृत्व में श्रीलंकाई संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अच्छी बातचीत हुई। श्रीलंका के आर्थिक सुधार में भारत की सहायता के बारे में व्यक्त की गई गर्मजोशी भरी भावनाओं की सराहना करता हूं।"
उन्होंने कहा, "निवेश, पर्यटन, परियोजनाओं तथा लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई।"
बेनिन के विदेश मंत्री ओलुशेगुन अदजादी बाकरी ने भी जयशंकर से मुलाकात की।
विदेश मंत्री ने कहा, "आज बेनिन के विदेश मंत्री का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। राजनीतिक, आर्थिक और विकास साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।"
उन्होंने कहा, "कृषि, शिक्षा, कपड़ा और रक्षा क्षेत्र में सहयोग के बारे में बात की। वैश्विक मुद्दों और संयुक्त राष्ट्र सुधार पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY