देश की खबरें | संसद सुरक्षा चूक मामला : दिल्ली पुलिस झा के पश्चिम बंगाल के ठिकानों पर पहुंची

कोलकाता, 19 दिसंबर दिल्ली पुलिस की एक टीम संसद सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार मुख्य साजिशकर्ता ललित झा के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए मंगलवार को यहां एक फ्लैट पर पहुंची। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि टीम गिरीश पार्क पुलिस थाने से कोलकाता पुलिस की एक टीम के साथ फिर से रवीन्द्र सारणी स्थित फ्लैट पर गई और पूरी जगह की जांच की तथा मकान मालिक से बात की।

अधिकारी ने कहा कि वे इको पार्क थाने की पुलिस के साथ बागुइहाटी स्थित एक फ्लैट में भी गए और वहां अपनी जांच की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘संसद सुरक्षा चूक की घटना से तीन दिन पहले भी झा का परिवार बागुइहाटी फ्लैट में रह रहा था। दिल्ली पुलिस की टीम ने वहां स्थानीय लोगों से बात की।’’

कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दोपहर बाद दिल्ली पुलिस की टीम शहर के डलहौजी इलाके में स्थित बीएसएनएल कार्यालय भी गई।

एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय विशेष टीम सोमवार सुबह शहर पहुंची और उन विभिन्न स्थानों पर गई, जहां झा अपने प्रवास के दौरान रुका था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)