एजेंसी न्यूज

IBSF World Billiards Championship 2023: भारत के दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने 26वीं बार विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का जीता खिताब

भारत के दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने मंगलवार को यहां फाइनल में हमवतन सौरव कोठारी को हराकर 26वीं बार आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया.

IBSF World Billiards Championship 2023: भारत के दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने 26वीं बार विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का जीता खिताब
पंकज आडवानी (Photo Credits: Instagram/@pankajadvaniofficial)

IBSF World Billiards Championship 2023: दोहा, 21 नवंबर भारत के दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने मंगलवार को यहां फाइनल में हमवतन सौरव कोठारी को हराकर 26वीं बार आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया. शुरुआती घंटे में 26-180 से पिछड़ने के बाद आडवाणी ने कुआलालंपुर में पिछले साल के खिताबी मुकाबले की पुनरावृति में 2018 के विश्व चैंपियन कोठारी को 1000–416 से हराया. कोठारी शुरुआती बढ़त बनाने के बाद मजबूत स्थिति में थे लेकिन कुछ मौकों पर उन्होंने आसान गल्तियां करके आडवाणी को वापसी करने का मौका दिया. यह भी पढ़ें: दबंग दिल्ली ने प्रो-कबड्डी सीजन 10 के लिए नवीन गोयत को बनाया अपना कप्तान

आडवाणी ने इसके बाद 150 से अधिक अंक के कुछ ब्रेक के साथ अपनी स्थिति मजबूत की जबकि कोठारी मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे. आडवाणी ने एक बार मैच का सर्वोच्च 214 अंक का ब्रेक भी बनाया जिसके बाद उन्हें जीत दर्ज करने में अधिक परेशानी नहीं हुई. वापसी करने के बाद आडवाणी ने मैच में अधिकांश समय 250 अंक के आसपास की बढ़त बनाए रखी.

कोठारी ने इस बीच 99 के ब्रेक से आडवाणी की बढ़त को 150 रन तक सीमित किया. बेंगलुरू के आडवाणी ने हालांकि इसके बाद 199 के अटूट ब्रेक के साथ 1000 अंक के आंकड़े को छूकर जीत दर्ज की.

आडवाणी ने जीत के बाद कहा, ‘‘मैं पहले भी जीत चुका हूं इसलिए मुझे इस अहसास के बारे में पता है लेकिन वर्ष दर वर्ष कई बार इसे जीतना कौशल, शरीर और दिमाग पर की गई घंटों की कड़ी मेहनत को सही साबित करता है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए निरंतरता सफलता की कुंजी है और देश के लिए विश्व खिताब जीतने को लेकर मैं सबसे अधिक प्रेरित होता हूं.’’

आडवाणी अब विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन के अगले टूर्नामेंट में खेलेंगे जो छोटे प्रारूप (150 अप) में होगा. कोठारी ने शुरुआती बढ़त गंवाने के लिए थकान को जिम्मेदार ठहराया.

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा सेमीफाइनल मुकाबला लगभग पांच घंटे चला और मुझे एक घंटे से कुछ अधिक के ब्रेक के बाद फाइनल खेलना पड़ा। मुझे लगता कि यह थकान के कारण हुआ.’’

आडवाणी ने इससे पहले सेमीफाइनल में हमवतन भारतीय रूपेश शाह को 900-273 से हराया था.

कोठारी ने सेमीफाइनल में ध्रुव सितवाला को 900-756 से शिकस्त दी थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 21, 2023 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).