जम्मू, नौ सितंबर जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को सड़क किनारे एक लावारिस सूटकेस मिलने से लोगों में दहशत फैल गयी। लोगों को आशंका थी कि उसमें बम हो सकता है।
बाद में सेना के विशेष दस्ते ने उसकी जांच की और उसमें कुछ भी विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जांच में सूटकेस में कोई विस्फोटक नहीं मिला। बाद में पता लगा कि वह सूटकेस एक सैनिक का था और उसमें उसके कुछ कपड़े तथा रोजमर्रा इस्तेमाल में आने वाली कुछ चीजें थीं।
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोगों ने भीम्बर गली मुख्य चौक के पास सड़क के किनारे लावारिस सूटकेस को देखा और तुरंत पुलिस और सेना को इसकी सूचना दी गयी।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और यातायात को अन्य दिशा की ओर मोड़ दिया गया। सेना के बम निष्क्रिय दस्ते ने इसकी जांच की और इसमें कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
बाद में एक सैनिक ने मौके पर सेना की टीम से संपर्क किया और सूटकेस पर दावा किया। पुलिस ने हालांकि अन्य जानकारी नहीं दी कि सूटकेस वहां कैसे छूट गया या जवान छुट्टी पर था या ड्यूटी पर।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY