देश की खबरें | पामेला को मादक पदार्थ की लत है: कोलकाता पुलिस ने भाजपा नेता के पिता के हवाले से कहा

कोलकाता, 20 फरवरी ड्रग्स मामले में गिरफ्तार भाजपा की युवा शाखा की नेता पामेला गोस्वामी के पिता ने कोलकाता पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी को मादक पदार्थ की लत अपने एक मित्र के कारण लगी है और वह चाहते हैं कि उस पर ‘‘निगरानी’’ रखी जाए।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

शहर पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि गोस्वामी के साथ गिरफ्तार किए गए उनके मित्र प्रवीर कुमार डे कुछ वक्त से उनके साथ रह रहे थे।

अदालत में पेशी के समय गोस्वामी ने पुलिस की पकड़ से छूटने की कोशिश की और चिल्ला कर कहा कि राकेश सिंह ने उनकी गिरफ्तारी की साजिश की है। राकेश सिंह भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय के करीबी हैं।

फैशन मॉडल रह चुकीं पामेला को 25 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पामेला के थैले और कार में लाखों रुपये मूल्य का 90 ग्राम कोकीन कथित तौर पर पाये जाने के बाद उन्हें, उनके मित्र डे और उनके (पामेला के) निजी सुरक्षा गार्ड को शुक्रवार को कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

पामेला ने शहर की अदालत से लॉक-अप में ले जाए जाने के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं सीआईडी जांच चाहती हूं। भाजपा के राकेश सिंह, जो कैलाश विजयवर्गीय के सहयोगी हैं, को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह (मेरे खिलाफ) एक साजिश है। मेरे पास सारे सबूत हैं।’’

वहीं, सिंह ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और कोलकाता पुलिस ने गोस्वामी को उनके खिलाफ ‘‘ सिखा पढ़ा’’ दिया है। उन्होंने कहा कि वह एक साल से अधिक समय से पामेला के संपर्क में नहीं थे और किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।

सिंह ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘यदि मैं संलिप्त हूं तो वे मुझे या कैलाश विजयवर्गीय या अमित शाह को बुला सकते हैं। मुझे लगता है कि पुलिस ने उसे सिखाया-पढ़ाया है। मैं डेढ़ से अधिक वर्ष से पामेला के संपर्क में नहीं हूं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)