विदेश की खबरें | वेस्ट बैंक में फलस्तीनी की गोलीबारी में दो इजराइली मारे गए
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सेना ने कहा कि वह संदिग्धों की तलाश कर रही है और उत्तरी वेस्ट बैंक के एक अशांत क्षेत्र हवारा शहर के पास नाकाबंदी कर रही है।

हालिया समय में वेस्ट बैंक में हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल इजराइल की गोलीबारी में लगभग 180 फलस्तीनी मारे गए हैं। वहीं, फलस्तीनी हमलों में 27 लोग मारे गए।

गोलीबारी की घटना ऐसे वक्त हुई है जब बुधवार को वेस्ट बैंक में इजराइल सेना की कार्रवाई में 19 वर्षीय एक फलस्तीनी की मौत हो गई।

इजराइल के चिकित्साकर्मियों ने कहा कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तो 60 और 29 साल की उम्र के दो इजराइली पुरुष, गोलियों से जख्मी अवस्था में पाए गए।

फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय मोहम्मद अबू असब को बुधवार को उत्तरी वेस्ट बैंक के शहर नब्लस के पास बालाटा शरणार्थी शिविर में इजराइली सेना के हमले के दौरान सिर में गोली मार दी गई। यह पता नहीं चल पाया है कि अबू असब किसी आतंकवादी समूह से संबद्ध था या नहीं।

इजराइली सेना ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि एक कमांडो यूनिट ने भूमिगत हथियार कारखाने को नष्ट करने की कोशिश में बालाटा में कार्रवाई की।

हालिया समय में हवारा में कई इजराइली मारे गए हैं। पास की बस्ती के निवासी दो भाइयों की मौत के बाद फरवरी में शहर में काफी हिंसा हुई थी।

फलस्तीनी हमलों के जवाब में इजराइल सेना क्षेत्र में लगातार अभियान चला रही है। इजराइल का कहना है कि छापे आतंकवादी नेटवर्क को नष्ट करने और भविष्य के हमलों को विफल करने के लिए हैं। वहीं, फलस्तीनी हिंसा को 56 वर्षों के कब्जे की स्वाभाविक प्रतिक्रिया के रूप में देखते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)