वाशिंगटन/इस्लामाबाद, 19 दिसंबर पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर जनरल माइकल एरिक कुरिला से मुलाकात की और उनके साथ क्षेत्रीय सुरक्षा मामलों में सहयोग तथा संयुक्त प्रशिक्षण को लेकर चर्चा की।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख पिछले सप्ताह अमेरिका की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचे। यात्रा के दौरान, मुनीर ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री (सेवानिवृत्त) जनरल लॉयड जे. ऑस्टिन, उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नूलैंड, उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोनाथन फाइनर और ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष जनरल चार्ल्स क्यू ब्राउन सहित कई अधिकारियों से मुलाकात की।
सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने मंगलवार को कहा कि जनरल मुनीर ने फ्लोरिडा के टाम्पा बे में सेंट्रल कमांड मुख्यालय की यात्रा के दौरान सेंटकॉम प्रमुख से मुलाकात की। आईएसपीआर ने कहा, ‘‘बैठक के दौरान साझा हितों, विशेष रूप से क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर सहयोग के मामलों पर चर्चा हुई।’’
सेना की मीडिया इकाई ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने संयुक्त प्रशिक्षण के तरीकों पर चर्चा की और सेंटकॉम और पाकिस्तान सेना के बीच प्रशिक्षण संवाद बढ़ाने की आवश्यकता दोहराई।’’ सीओएएस ने यात्रा के दौरान सेंटकॉम संयुक्त संचालन केंद्र का भी दौरा किया।
सेना प्रमुख ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस के साथ भी बैठक की, जिसके दौरान उन्होंने फलस्तीन पर पाकिस्तान का रुख दोहराया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) से मानवीय त्रासदी रोकने के लिए गाजा में हमलों पर तत्काल रोक को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एकजुट होने का भी आग्रह किया।
जनरल मुनीर ने पाकिस्तानी प्रवासियों से भी बातचीत की और उनसे पाकिस्तान में निवेश करने का आग्रह किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY