इस्लामाबाद, 15 अक्टूबर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने शनिवार को कहा कि देश के परमाणु हथियारों के संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की टिप्पणी से पाकिस्तान ‘‘हैरान’’ है और उसने आधिकारिक तौर पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लोम को तलब किया है।
वाशिंगटन में बृहस्पतिवार को डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रचार समिति के समारोह को संबोधित करते हुए बाइडन ने कहा था कि पाकिस्तान ‘‘दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है क्योंकि उसके पास मौजूद परमाणु हथियार में सामंजस्य का अभाव है।’’
उन्होंने वैश्विक स्तर पर बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के संदर्भ में यह टिप्पणी की थी।
बाइडन की टिप्पणी को खारिज करते हुए बिलावल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि परमाणु हथियारों के संदर्भ में पाकिस्तान वैश्विक मानकों का पालन कर रहा है।
विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘जहां तक पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा का सवाल है, हम अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के तहत सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि बाइडन के बयान पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ चर्चा की गई और ‘‘हमने आधिकारिक तौर पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लोम को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय में तलब किया है।’’
पिछले महीने अमेरिका का दौरा करने वाले विदेश मंत्री बिलावल ने बाइडन के बयान पर हैरानी जतायी और कहा कि निकट अतीत में संबंधों में तनाव के कारण दोनों पक्षों के बीच संचार की कमी इस तरह की टिप्पणी की वजह हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY