विदेश की खबरें | पाकिस्तान पुलिस ने पंजाब प्रांत में टीटीपी के एक कमांडर को गिरफ्तार किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, दो जुलाई पाकिस्तान पुलिस ने रविवार को प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के एक कमांडर को गिरफ्तार किया और पंजाब प्रांत के मुल्तान में एक आतंकवादी हमले को विफल कर दिया।

पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने कहा कि उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी कि टीटीपी का एक शीर्ष कमांडर मुल्तान में मौजूद है, जिसके बाद सीटीडी, पुलिस और एक खुफिया एजेंसी ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

सीटीडी ने कहा, ‘‘अभियान के दौरान टीम ने मुल्तान में आतंकवादी के ठिकाने को घेर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कमाल के रूप में की गई है और पूछताछ के लिए उसे अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।’’

इसने कहा कि कमाल दक्षिण पंजाब में टीटीपी का एक ‘‘महत्वपूर्ण कमांडर’’ था और वह मुल्तान में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाना चाहता था।

गिरफ्तार व्यक्ति के पास से विस्फोटक, हथियार और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के नक्शे भी बरामद किये गये हैं।

इससे पहले पंजाब प्रांत के विभिन्न जिलों से इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) और टीटीपी से जुड़े नौ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)