इस्लामाबाद, 10 जून पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने शनिवार को कहा कि देश आर्थिक अस्थिरता के दौर से बाहर आ गया है और सरकार बहुपक्षीय कर्जदाताओं को समय पर भुगतान करेगी। उन्होंने साथ ही जोड़ा कि द्विपक्षीय ऋण के पुनर्गठन की कोशिश की जाएगी।
डार ने एक जुलाई से शुरू होने वाले वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 14.46 लाख करोड़ रुपये के बजट की घोषणा के एक दिन बाद इस्लामाबाद में यह बात कही।
उन्होंने बजट के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ऋण पुनर्गठन के लिए बहुपक्षीय या विकास संस्थानों से संपर्क करने की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा, ''जहां तक पेरिस क्लब के पुनर्गठन की बात है, हमारी ऐसी कोई योजना नहीं है। हम बहुपक्षीय ऋण का पुनर्गठन नहीं करेंगे। हम समय पर भुगतान करेंगे।''
डार ने कहा कि कर्ज चुकाने की अवधि बढ़ाने के लिए द्विपक्षीय उधारदाताओं के साथ बातचीत की जा सकती है। बजट प्रक्रिया के बाद इस पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू कर्ज को लेकर कोई समस्या नहीं है और सरकार इसका पुनर्गठन नहीं करेगी।
मंत्री ने स्वीकार किया कि देश को गहरी आर्थिक अस्थिरता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने साथ ही जोड़ा कि सरकार ने सफलतापूर्वक इस पर काबू पा लिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि 3.5 प्रतिशत की वृद्धि के घोषित लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। इसके लिए कृषि, आईटी तथा छोटे और मध्यम आकार के उद्योगों पर जोर दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY