इस्लामाबाद, नौ फरवरी पाकिस्तान के चुनाव आयोग के बहुप्रचारित नए एप (एप्लीकेशन) को शुक्रवार को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा जिससे चुनाव के नतीजे घोषित करने में देरी हुई।
अधिकारियों ने एप के बारे में दावा किया था कि इससे चुनाव परिणामों को शीघ्रता से सारणीबद्ध करने और प्रसारित करने में मदद मिलेगी।
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने प्रत्येक मतदान केंद्र से एक केंद्रीकृत प्रणाली तक परिणामों के प्रसारण के लिए चुनाव प्रबंधन प्रणाली (ईएमएस) एप तैयार किया है, जहां सभी परिणामों का सारणीकरण रिटर्निंग कार्यालयों द्वारा पूरा किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने दावा किया था वह इंटरनेट पर निर्भर हुए बिना परिणामों की समय पर घोषणा सुनिश्चित करेगा, लेकिन इसमें काफी व्यवधान हुआ।
‘डॉन’ अखबार की एक खबर के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम को कई मतदान केंद्रों के निर्वाचन अधिकारी एप का उपयोग करके अपने संबंधित केंद्र के अंतिम परिणामों को प्रसारित करने में खुद को असमर्थ महसूस रहे थे। इस वजह से नेशनल असेंबली और चार प्रांतीय असेंबली के चुनाव परिणाम घोषित करने में असामान्य देरी हुई है।
वर्ष 2018 में पिछले चुनावों के दौरान, ईसीपी का रिजल्ट ट्रांसमिशन सिस्टम (आरटीएस) बंद हो गया था, जब हजारों मतदान केंद्रों ने देश के सभी हिस्सों से परिणाम भेजना शुरू कर दिया। इससे कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के परिणामों की घोषणा में देरी हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY