पाक ने लगातार सातवें दिन किया संघर्षविराम का उल्लंघन, दो घायल
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान ने आज कसबा और किरनी सेक्टर में रविवार की दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर छोटे हथियारों एवं मोर्टार से गोलाबारी की जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया ।
जम्मू, 12 अप्रैल जम्मू- कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा एवं नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों तथा गांवों में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए रविवार को लगातार सातवें दिन गोलाबारी की ।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान ने आज कसबा और किरनी सेक्टर में रविवार की दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर छोटे हथियारों एवं मोर्टार से गोलाबारी की जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया ।
खबर लिखे जाने तक सीमा पार से गोलाबारी जारी थी।
दोनों देशों के लिये कोरोना वायरस महामारी से उपजी चुनौतियों के बावजूद पाकिस्तान ने पिछले एक सप्ताह से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है ।
अधिकारी ने बताया कि इस गोलाबारी में दो लोग घायल हो गये हैं ।
उन्होंने बताया कि कसबा सेक्टर में मोहम्मद शौकत :28: उस वक्त घायल हो गया जब एक हथगोला उसके घर के निकट फट गया। उसे इलाज के लिये पुंछ जिला अस्पताल भेजा जाना है ।
अधिकारी ने बताया कि बालाकोट सेक्टर में एक मोर्टार बम नहीं फटा जिसे भारतीय सेना के विशेषज्ञों ने निष्क्रिय कर दिया ।
उन्होंने बताया कि लंजौत गांव की रहने वाली सलीमा बी :45: शनिवार को घायल हो गयी थी । उन्होंने बताया कि जबरदस्त गोलाबारी के बीच सेना, पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों की संयुक्त टीम ने सलीमा का बचाव किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत स्थिर है ।
उन्होंने बताया कि बालाकोट और मेंढर सेक्टर में शनिवार की रात कुछ घंटों तक लगातार भारी गोलाबारी होती रही । उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की इस गोलाबारी में कई घर क्षतिग्रस्त हो गये ।
जम्मू क्षेत्र के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर सेक्टर में भी पूरी रात पाकिस्तान और भारत के सैनिकों के बीच गालीबारी होती रही ।
पाकिस्तान ने तीन अग्रिम इलाकों — करोल मटराई, फकीरा और चांदवा - में करीब नौ बजे रात गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसके बाद सीमा सुरक्षा बल ने भी जवाबी कार्रवाई की ।
पाकिस्तान ने चौकियों एवं गांवों में हमला करने के लिये मोर्टार का इस्तेमाल किया जिससे सीमाई क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गयी । इन लोगों को बंकरों में आश्रय दिया गया ।
आज सुबह चार बजे बंद हुई गोलीबारी में दो गायें भी घायल हुई हैं, मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2020 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

