देश की खबरें | बारिश के चलते पुणे मंडल में 84,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

मुंबई/पुणे, 23 जुलाई पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे मंडल में भारी बारिश और नदियों के उफान पर होने के चलते 84,452 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें 40,000 से अधिक लोग कोल्हापुर जिले से हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कोल्हापुर शहर के पास पंचगंगा नदी 2019 में आई बाढ़ के स्तर से भी ऊपर बह रही है।

पुणे और कोल्हापुर के साथ ही मंडल में सांगली और सतारा जिले भी आते हैं। सतारा भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल तथा अन्य एजेंसियों ने शुक्रवार शाम तक 84,452 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इनमें 40,882 लोग कोल्हापुर जिले से हैं।

उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह को थलसेना और नौसेना की छह टीम बचाव कार्य में शामिल होंगी।

अधिकारियों ने बताया कि 54 गांव बाढ़ से पूरी तरह और 821 गांव आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)