देश की खबरें | ओएसएससी ने प्रश्न पत्र लीक मामले में 55 परीक्षार्थियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया

भुवनेश्वर, 29 जुलाई ओडिशा कर्मचारी चयन आयोग ने जेई (सिविल) मुख्य परीक्षा के 55 परीक्षार्थियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर यह बताने को कहा है कि उन्हें आयोग की भर्ती से आजीवन क्यों नहीं रोका जाए। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

ओएसएससी के अध्यक्ष अभय ने यह जानकारी दी।

अभय ने ट्विटर पर लिखा, “एसपी, बालासोर की एक रिपोर्ट के मद्देनजर ओएसएससी ने कल (28.07.2023 को) 55 परीक्षार्थियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके ओएसएससी की भर्ती परीक्षा देने पर आजीवन रोक क्यों न लगाई जाए।”

अभय ने कहा, “ओएसएससी प्रश्न लीक सहित अनुचित व्यवहार में शामिल सभी परीक्षार्थियों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

बालासोर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) सागरिका नाथ ने भर्ती पैनल को उन कुछ परीक्षार्थियों को बाहर करने की सिफारिश की थी जो जांच के दौरान 16 जून को जेई (सिविल) मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र को लीक करने वाले रैकेट के संपर्क में पाए गए थे। इस रिपोर्ट के बाद ओएसएससी ने परीक्षार्थियों को कारण बताओ नोटिस भेजा है।

उल्लेखनीय है कि बालासोर की एसपी ने 16 जुलाई, 2023 को आयोजित जेई (सिविल) लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की पुष्टि की थी, जिसके बाद 23 जुलाई को ओएसएससी ने परीक्षा रद्द कर दी थी।

इस बीच आयोग ने तीन सितंबर को परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)