देश की खबरें | चिकित्सा बिरादरी के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के विरोध में ‘वॉकथॉन’ का आयोजन

नयी दिल्ली, दो अक्टूबर दिल्ली और नोएडा के विभिन्न अस्पतालों में ‘क्रिटिकल केयर’ में शामिल चिकित्सकों ने चिकित्सा बिरादरी के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के विरोध में एक ‘वॉकथॉन’ में हिस्सा लिया। एक बयान में यह जानकारी दी गई।

सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन, दिल्ली-नोएडा द्वारा आयोजित इस ‘वॉकथॉन’ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद महेश शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह ‘वॉकथॉन’ दिल्ली के चिल्ला खेल परिसर से शुरू हुई और नोएडा स्टेडियम में खत्म हुई। वॉकथॉन का विषय ‘सेव द सेवियर्स’ था।

बयान में कहा गया, ‘‘हाल के दिनों में चिकित्सकों के खिलाफ हिंसा में वृद्धि देखी गई है, विशेष रूप से गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में क्रिटिकल केयर में शामिल लोगों के खिलाफ। उन्हें लगता है कि हम आसान लक्ष्य हैं।’’

एससीसीएम दिल्ली-नोएडा के अध्यक्ष डॉ अनिल गुरनानी ने कहा, ‘‘उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बीते दो वर्षों में महामारी के समय, लगभग 1,600 चिकित्सकों ने अपनी ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवा दी थी। अपने पेशे में इस त्याग के बावजूद, डॉक्टरों को आम तौर पर जनता के क्रोध का सामना करना पड़ता है।’’

‘वॉकथॉन’ में लगभग 343 चिकित्सकों ने भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)