अमरावती, नौ सितंबर आंध्र प्रदेश में विपक्षी दलों ने कथित कौशल विकास निगम घोटाला मामले में तेलुगु देशम पार्टी (तेदपा) के नेता चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी की शनिवार को निंदा की और राज्य की वाईएसआरसी सरकार पर उचित प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
अपराध जांच विभाग (सीआईडी) दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को सुबह करीब छह बजे नांदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से गिरफ्तार किया, जहां उनकी विशेष बस खड़ी थी। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में तेदपा के कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में प्रदर्शन किया है।
गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने पिछले 45 वर्षों में निस्वार्थ भाव से तेलुगु भाषी लोगों की सेवा की है। मैं तेलुगु लोगों के हितों की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान करने के लिए तैयार हूं। कोई दबाव नहीं है। दुनिया की कोई ताकत मुझे तेलुगु लोगों, मेरे आंध्रप्रदेश और मेरी मातृभूमि की सेवा करने से नहीं रोक सकती है।’’
उन्होंने साथ ही अपनी गिरफ्तारी के दौरान लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की भी अपील की।
नायडू ने कहा, ‘‘अंततः सत्य और धर्म की विजय होगी। वे मेरे साथ कुछ भी करें, मैं लोगों के लिए आगे बढ़ूंगा।’’
पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष दुग्गुबती पुरनदेश्वरी ने कहा कि तेदपा नेता की गिरफ्तारी बिना किसी पूर्व नोटिस के की गई और उनका नाम भी प्राथमिकी में नहीं था।
उन्होंने कहा कि उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया क्योंकि नायडू से जवाब तलब नहीं किया गया था।
भाजपा की स्थानीय स्तर पर साझेदार जनसेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण ने नायडू की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक बदले की कार्रवाई’ करार दिया। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘राज्य सरकार बिना किसी सबूत के आधी रात को गिरफ्तारी का सहारा ले रही है। हमने देखा है कि इस सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में विशाखापत्तनम में जनसेना पार्टी के साथ कैसा व्यवहार किया था। जनसेना चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी की निंदा करती है।’’
इस बीच, नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी ने कहा कि वह देवी दुर्गा से अपने पति की सलामती की प्रार्थना करेंगी जो राज्य के लोगों के लिए लड़ रहे हैं।
उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि नायडू के साथ खड़े रहें क्योंकि वह आप सभी के लिए लड़ रहे हैं और इसमें उनकी जीत होनी चाहिए।’’
हालांकि, राज्य सरकार के सलाहकार सज्जला रामकृष्ण रेड्डी ने पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि आर्थिक अपराधों में गिरफ्तारी से पहले नोटिस देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि नायडू के ‘घोटाले’ से तार जुड़े होने के पुख्ता सबूत हैं।
चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद विशाखापत्तनम में पूर्व मंत्री और विधायक गंता श्रीनिवास राव सहित कई तेदपा नेताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया।
तेदपा कार्यकर्ताओं ने नायडू की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सत्तारूढ़ वाईएसआरसी के खिलाफ नारे लगाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY