गोवा में कोरोना वायरस से निपटने के लिए एक अलग एसओपी की विपक्ष की मांग
जियो

पणजी, 26 मई गोवा में विपक्षी विधायकों ने प्रदेश के मुख्य सचिव से मंगलवार को मुलाकात कर कोविड—19 के लिये अलग से मानक संचालन प्रक्रिया की मांग की ताकि पोत पर काम करने वाले गोवा वासियों को पैसे दे कर पृथक—वास नहीं करना पड़े।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विजय सरदेसाई, जयेश सलगांवकर और कांग्रेस के एलेक्सियो रेजिनाल्डो लॉरेंको समेत विपक्षी विधायकों ने मुख्य सचिव परिमल राय से प्रदेश सचिवलाय में मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा ।

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुये सरदेसाई ने प्रदेश की प्रमोद सावंत की अगुवाई वाली भाजपा सरकार की अलोचना की और आरोप लगाया कि वह लॉकडाउन में गोवा के स्थानीय लोगों के साथ भेद-भाव कर रही है जबकि गोवा में आने वाले दूसरे राज्यों के लोगों का पूरा ध्यान रख रही है ।

उन्होंने कहा कि जहाजों पर काम करने वाले ऐसे कर्मचारी जो गोवा के हैं और उन्हें पृथक—वास में रखा जाता है तो इसके लिये उन्हें भुगतान करना पड़ता है जबकि गोवा के बाहर के लेागों को इसके लिये कोई भुगतान नहीं करना होता है।

उन्होंने कहा, 'गोवा के लोगों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है? हमारी मांग पृथक—वास की सुविधा मुफ्त बनाने की है।'

जीएफपी नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को अपनी मानक संचालन प्रक्रिया बनाने की अनुमति दे दी है।

शिष्टमंडल ने मांग की कि राज्य सरकार को कोविड—19 से संक्रमण में किसी इजाफे से निपटने की अपनी तैयारियों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिये ।

कांग्रेस विधायक लॉरेंकों ने कहा कि अनेक गोवा वासी, खास तौर से पश्चिम एशिया में रह रहे लोग अपनी नौकरी गंवा चुके हैं और वापस आना चाहते हैं ।

उन्होंने कहा, 'ये लोग वहां शिविरों में रह रहे हैं क्योंकि उनके पास अब नौकरी नहीं है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाया जाना चाहिये।'

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)