नयी दिल्ली, दो जून राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि पाकिस्तान के खिलाफ हाल में सीमा पार चलाए गए अभियान और इसके प्रभावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए।
अपने पत्र में, राज्यसभा सदस्य झा ने कहा कि वह ‘‘भारतीय नागरिकों की चिंताओं और भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं, जो महसूस कर रहे हैं कि उन्हें अपने देश के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में अंधेरे में रखा गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे ‘संगठित अराजकता’ के बारे में चिंतित हैं, जो पहले से ही ध्रुवीकृत समाज को गंभीर क्षति पहुंचा सकती है। मैं आपसे अनुरोध कर रहा हूँ कि पाकिस्तान के खिलाफ हालिया सीमा-पार अभियानों, उनके प्रभावों और आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए संसद का एक विशेष सत्र बुलाया जाए।’’
कई विपक्षी दल पहलगाम आतंकी हमले के बाद से संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं। हाल में ‘ऑपरशेन सिंदूर’ पर हुई सर्वदलीय बैठक में भी यह मांग उठायी गयी थी।
राजद नेता ने कहा कि सत्र के एजेंडे में भारत की संप्रभु विदेश नीति के मामलों में ‘दूसरे देशों की सरकारों के हस्तक्षेप’’ का मुद्दा शामिल होना चाहिए।
झा ने कहा कि अभियान शुरू होने के बाद से ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने का कम से कम 12 बार श्रेय लिया है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि विशेष सत्र शीघ्र ही बुलाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY