देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत, मृतकों की संख्या आठ हुई

शिमला, 25 जून हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या आठ हो गयी है। हमीरपुर में संक्रमण का एक मामला सामने आने से संक्रमित लोगों की संख्या 808 हो गयी है।

कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बताया कि कांगड़ा जिले के 57 वर्षीय व्यक्ति की मंडी जिले में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मौत हो गयी ।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत.

उन्होंने बताया कि मरीज कांगड़ा के भवरना गांव का निवासी था । मरीज मधुमेह तथा कुछ अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था ।

उन्होंने बताया कि डायलिसिस के लिए 23 जून को व्यक्ति को मंडी में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी ।

यह भी पढ़े | वाराणसी के लंगड़ा आम के बाद अब काला चावल बढ़ाएगा विदेशियों का जायका, ऑस्‍ट्रेलिया होगा निर्यात.

हमीरपुर जिले में बृहस्पतिवार को संक्रमण का एक मामला सामने आने से राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 808 हो गयी।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) आर डी धीमान ने बताया कि अब तक 468 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 11 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं ।

राज्य में वर्तमान में संक्रमण के 468 मामले हैं ।

हमीरपुर में संक्रमण के सबसे ज्यादा 107 मामले हैं । इसके बाद कांगड़ा में 87, सोलन में 38, उना में 29 तथा शिमला में 18 मामले हैं ।

राज्य में संक्रमण से आठ लोगों की मौत हो चुकी है ।

मृतकों में दिल्ली की 70 वर्षीय महिला का नाम भी जोड़ा गया है । वह 15 मार्च से हिमाचल प्रदेश के सोलन के बद्दी में एक फैक्टरी के अतिथि गृह में रह रही थीं। पीजीआईएमईआर में दो अप्रैल को उनमें संक्रमण की पुष्टि हुई और वहीं पर उनकी मौत हो गयी।

हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआत में महिला की मौत का मामला अपने रिकार्ड में दर्ज किया था लेकिन बाद में नाम को शामिल नहीं किया । प्रोटोकॉल के मुताबिक महिला की मौत का मामला चंडीगढ़ में जुड़ना चाहिए था क्योंकि वहीं पर वह संक्रमित हुई थी। लेकिन, चंडीगढ़ के अधिकारियों ने कहा कि उनकी मौत के मामले को हिमाचल प्रदेश के रिकार्ड में शामिल करना चाहिए क्योंकि उन्हें उपचार के लिए राज्य के अस्पताल से भेजा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)