इटनानगर, 14 सितंबर अरूणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में बुधवार रात को सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में एनएससीएन-आईएम के एक उग्रवादी को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चांगलांग के उपायुक्त (डीसी) सनी सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि उग्रवादी को मिआओ थाना क्षेत्र के काली मंदिर इलाके में हुई मुठभेड़ में ढेर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि 11 असम राइफल्स के गश्ती दल मिआओ घाट से काली मंदिर होते हुए धर्मपुर जा रहा था तभी एनएससीएन-आईएम के दो उग्रवादियों ने दल पर गोलीबारी कर दी जिसके बाद हुई मुठभेड़ में चरमपंथी मारा गया।
डीसी ने कहा कि मुठभेड़ में दूसरा उग्रवादी भाग गया। अधिकारियों के मुताबिक, मौके से शव और एक पिस्तौल बरामद हुई है। उनके मुताबिक, मृतक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
इस बीच, जिला प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिये हैं।
डीसी ने एक कार्यकारी आदेश में अतिरिक्त सहायक आयुक्त (ईएसी) ए जे लुंग्फी को घटना की मजिस्ट्रेट जांच करने और चार हफ्ते में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। यह आदेश सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हुई मौत के मामलों में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा जारी संशोधित दिशानिर्देशों के तहत दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY