देश की खबरें | देश में 11-14 आयु वर्ग की एक लाख लड़कियों को मुख्यधारा की शिक्षा में वापस लाया गया: सरकारी सूत्र

नयी दिल्ली, 12 जून देश में बीते एक वर्ष के दौरान 11 से 14 साल आयु वर्ग की करीब एक लाख लड़कियों को शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाया गया है जिन्होंने स्कूल छोड़ दिया था। सरकार के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में 11-14 वर्ष के आयु वर्ग में स्कूल छोड़ने वाली लड़कियों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

सूत्रों के अनुसार, 2013-14 में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने 11-14 वर्ष के आयु वर्ग में स्कूल छोड़ने वाली लड़कियों की संख्या 1.14 करोड़ बताई थी। यह 2020-21 में घटकर पांच लाख, 2021-22 में 3.8 लाख और आखिरकार पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा करीब एक लाख पर आ गया।

सूत्रों ने कहा कि संख्या में गिरावट दर्शाती है कि कई फर्जी लाभार्थियों और गलत प्रविष्टियों को हटा दिया गया है।

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इन एक लाख लड़कियों को शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाया गया और फिर योजना (किशोर लड़कियों के लिए) को संशोधित किया गया।’’

गौरतलब है कि 11-14 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों के लिए योजना को बंद कर दिया गया है और सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 मिशन के तहत एक संशोधित योजना शुरू की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)