देश की खबरें | मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी पर औजला बोले, ‘हर पार्टी में ऐसा होता है’

इंदौर, 18 जून हर राजनीतिक दल में गुटबाजी होने का दावा करते हुए कांग्रेस के लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बुधवार को कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं।

औजला, लोकसभा में पंजाब के अमृतसर की नुमाइंदगी करते हैं। उन्हें कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत इंदौर की जिला कांग्रेस समिति के अगले अध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर भेजा गया है।

मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी के सवाल पर औजला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देखिए, गुटबाजी तो हर पार्टी में है, लेकिन यहां आपको कुछ ज्यादा गुटबाजी दिख रही है क्योंकि कांग्रेस कमजोर हो गई है। हमारे सभी नेता एकजुट हैं और वे कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इंदौर से कांग्रेस का अगला जिला अध्यक्ष पार्टी के आम कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के आधार पर ‘निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके’ से चुना जाएगा।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी के गृह जिले इंदौर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे मजबूत गढ़ों में गिना जाता है।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान जिले में भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए सभी नौ सीटें अपने नाम कर ली थीं। कांग्रेस इंदौर लोकसभा सीट पर वर्ष 1989 से जीत की बाट जोह रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)