देश की खबरें | ओडिशा रेल हादसा : अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने जयशंकर से बात की

नयी दिल्ली, चार जून अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर से बात कर ओडिशा में भीषण रेल दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

फिलहाल नामीबिया का दौरा कर रहे जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा कि इस मुश्किल समय में ऐसी भावनाओं की काफी अहमियत है।

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा रेल दुर्घटना पर अपनी एकजुटता और सहानुभूति व्यक्त करने के लिए फोन करने को लेकर विदेश मंत्री ब्लिंकन का शुक्रिया। इस कठिन समय में ऐसी भावनाओं का बहुत महत्व है।’’

इससे पहले, ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि अमेरिका दुख की इस घड़ी में भारत के लोगों के साथ खड़ा है।

ब्लिंकन ने ट्वीट किया, ‘‘हम ओडिशा में त्रासद ट्रेन दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमने देखा कि बचावकर्मियों और चिकित्साकर्मियों ने अथक प्रयास किए हैं। हम दुख की इस घड़ी में भारत के लोगों के साथ खड़े हैं।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वह भारत में हुए भीषण रेल हादसे की खबर से बहुत दुखी हैं। बाइडन ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं और (प्रथम महिला) जिल (बाइडन) भारत में हुए भीषण रेल हादसे के त्रासदीपूर्ण समाचार से दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं इस भयानक घटना में घायल हुए और अपने प्रियजन को खो चुके लोगों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के बीच गहरे पारिवारिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं, जो दोनों देशों को एकजुट करते हैं। पूरे अमेरिका के लोग भारतीयों के साथ इस दुख में शामिल हैं।’’

ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार रात शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट और एक मालगाड़ी से जुड़े रेल हादसे को देश के सबसे भीषण रेल दुर्घटनाओं में से एक के तौर पर देखा जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)