देश की खबरें | ओडिशा: पुलिस कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए रेलगाड़ी और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे व्यक्ति की जान बचाई

कटक, पांच जून ओडिशा के कटक रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को एक पुलिस कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए रेलगाड़ी और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे 44 वर्षीय एक व्यक्ति की जान बचाई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक बयान के अनुसार कांस्टेबल तुलु बेहरा घटना के समय प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश करते समय फिसलकर प्लेटफॉर्म और रेलगाड़ी के बीच खाली जगह में गिरते हुए देखा।

उन्होंने तुरंत हरकत में आते हुए व्यक्ति के हाथ पकड़कर उसे बाहर निकाल लिया जिससे उसकी जान बच गई। घटना सुबह आठ बजे के आसपास हुई।

बयान में कहा गया कि यात्री की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के निवासी मोहम्मद मुजाहिर के रूप में हुई है।

इसमें कहा गया है कि कांस्टेबल बेहरा ने उसकी जान बचाकर असाधारण बहादुरी का परिचय दिया।

राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने कांस्टेबल को 2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

एडीजी (रेलवे) अरुण बोथरा ने भी बेहरा से बात की और उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)