देश की खबरें | ओडिशा : पुंछ हमले में शहीद सैनिक का अंतिम संस्कार

भुवनेश्वर, 22 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पांच सैनिकों में से एक देबाशीश बिस्वाल का ओडिशा के पुरी जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में पूरे सैनिक सम्मान के साथ शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया।

सखीगोपाल इलाके में खंडायत साही में श्मशान घाट पर हजारों की संख्या में लोग बिस्वाल को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। शहीद के बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।

भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से बिस्वाल के पार्थिव शरीर को भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लाया गया। वहां से सेना का काफिला उनके पार्थिव शरीर को लेकर पुरी गया।

राज्यपाल गणेशी लाल और अन्य लोगों ने हवाई अड्डे पर बिस्वाल को श्रद्धांजलि दी।

भुवनेश्वर से सेना का काफिला जब बिस्वाल के पार्थिव शरीर को लेकर पुरी जा रहा था, तो रास्ते में लोगों ने ‘देबाशीश अमर रहे’ के नारे लगाए।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बिस्वाल के परिवार को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उनके परिवार में पत्नी सुश्री संगीता और सात महीने की बेटी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)