भुवनेश्वर, 18 सितंबर ओडिशा सरकार ने स्क्रब टाइफस संक्रमण से हुई मौतों की जांच के लिए बारगढ़ और सुंदरगढ़ जिलों में दो मेडिकल टीम भेजी हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दोनों जिलों में इस तरह के संक्रमण से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के निदेशक निरंजन मिश्रा ने कहा, ‘‘स्क्रब टाइफस से मौत के मामलों को लेकर कुछ आशंकाएं हैं क्योंकि मृतकों ने किसी सरकारी अस्पताल में उचित परीक्षण और उपचार नहीं कराया। इसलिए, हमें किए गए परीक्षणों और उनके लक्षणों के बारे में विवरण एकत्र करना होगा।’’
उन्होंने कहा कि टीम जांच करेंगी कि निजी अस्पतालों में किस प्रकार के परीक्षण किए गए और मौतों का कारण क्या रहा।
मिश्रा ने कहा, ‘‘कई निजी अस्पताल किट परीक्षण कर रहे हैं, जो पुष्टिकारक नहीं है। ‘एलिसा’ परीक्षण बीमारी का पता लगाने का सही तरीका है।’’
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बारगढ़ जिले में स्क्रब टाइफस संक्रमण से पांच लोगों की मौत की सूचना मिली है, जबकि सुंदरगढ़ में इस बीमारी से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
स्क्रब टाइफस संक्रमित कीड़े के काटने से फैलता है जो लोग अक्सर खेतों या जंगलों में जाते हैं, उनके संक्रमण की चपेट में आने का खतरा अधिक रहता है।
स्क्रब टाइफस के सबसे आम लक्षणों में बुखार और त्वचा पर सूजन वाला काला निशान शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY