देश की खबरें | ओडिशा: हिंसक झड़प में चार लोगों की मौत, एक अन्य घायल

बेहरामपुर (ओडिशा), 23 मार्च ओडिशा के गंजम जिले में कथित तौर पर कुछ फब्तियां कसने के बाद कुछ लोगों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक परिवार के तीन सदस्यों सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर हिंजिली थाना क्षेत्र के पिटाला इलाके में हुई। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान पांडव स्वैन, राजा स्वैन, चंदन स्वैन और शंभू स्वैन के तौर पर हुई है।

गंजम के पुलिस अधीक्षक बृजेश राय ने बताया कि प्राथमिक जांच से प्रतीत होता है कि शायद कुछ फब्तियां कसने के बाद हिंसक झड़प हो गई।

हिंजिली थाने के प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु दास ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही दुश्मनी थी और अचानक फब्तियां कसने से मामला और बढ़ गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि चार भाइयों पर रामचंद्रपुर इलाके के लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जब वे पिटाला चाक पर अपनी दुकान बंद करने ही वाले थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कथित तौर पर हमलावरों ने स्वैन भाइयों पर लोहे की छड़ों और लाठियों से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में लोगों को बचाया गया। उन्हें तुरंत बेहरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भाइयों ने कथित तौर पर दो युवकों पर कुछ आपत्तिजनक फब्तियां कसी थी, जब वे मंगलवार रात करीब 10 बजे एक दुर्घटना के शिकार दम्पति की मदद कर रहे थे।

गंजम के जिला अधिकारी वी. के. कुलंगे ने घटना को ‘‘दुखद’’ बताया और स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)